17 नवंबर 2018 - 10:54
इराक़ के राष्ट्रपति ईरान की यात्रा पर

राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने बताया है कि ईरान तथा इराक़ के बीच आर्थिक संबन्धों की संभावना 20 अरब डाॅलर तक मौजूद है।

हसन रूहानी ने शनिवार को तेहरान में इराक़ के राष्ट्रपति बरहम सालेह के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इराक़ के राष्ट्रपति के साथ भेंट में द्विपक्षीय संबन्धों में विस्तार पर चर्चा हुई।  दोनो पक्षों का मानना था कि ईरान और इराक़ के बीच आर्थिक संबन्धों को विस्तार करने की बहुत संभावनाएं पाई जाती हैं।  उन्होंने कहा कि ईरान के शलमचे से इराक़ के बसरा के बीच रेल लाइन को जोड़ने की पूरी तैयारी की जा चुकी है।

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि हमारे निकट इराक़ की शांति एवं सुरक्षा, ईरान की शांति व सुरक्षा जैसी है।  उन्होंने कहा कि तेहरान और बग़दाद के बीच सहयोग एवं सहकारिता पहले से अधिक मज़बूत हो रही है।

इस संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इराक़ के राष्ट्रपति बरहम सालेह ने कहा कि क्षेत्र को नई व्यवस्था की ज़रूरत है।  उन्होंने कहा कि इसमें इस्लामी गणतंत्र ईरान की महत्वपूर्ण भूमिका है और इराक़ भी अपनी भूमिका निभाएगा।

ज्ञात रहे कि इराक़ के राष्ट्रपति बरहम सालेह एक उच्च स्तरीय शिष्टमण्डल के साथ शनिवार को सुबह तेहरान पहुंचे हैं।